हनुमानगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस पूरी सख्ती के मूड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशानुसार यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात जिला मुख्यालय पर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर एक्शन लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कई वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। यातायात पुलिस ने जंक्शन क्षेत्र में संगरिया रोड तथा टाउन क्षेत्र में जंक्शन रोड पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए चार चौपहिया वाहन, एक टैक्सी और तीन मोटर साइकिलों को सीज किया गया। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि यातायात पुलिस की ओर से लंबे समय से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों की सख्ती से पालना करें। शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। तेज गति से वाहन चलाने से बचें तथा दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
