हनुमानगढ़। संगरिया ब्लॉक कांग्रेस सेवादल की संगठन सृजन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश भाट, संगरिया नगर अध्यक्ष संजीव सोनी, सेवादल जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी सहित शिशुपाल, आमिर खान और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि कांग्रेस सेवादल के सदस्यता अभियान को 30 मई तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने ग्राम इकाई से लेकर बूथ इकाई तक संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सेवादल की यूनिफॉर्म में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश भाट ने संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। वहीं संगरिया नगर अध्यक्ष संजीव सोनी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को सशक्त बनाने और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। बैठक में ब्लॉक उपाध्यक्ष अमृत पाल, विनोद, महेश जाखड़, कविता शर्मा, वासुदेव, दीपक नायक, विक्रम लोट, अमन, राजकुमार, रमेश कुमार, रवि गोदारा सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
