हनुमानगढ़। गांव धोलीपाल स्थित एयरटेल मोबाइल टावर से उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है। टावर से अज्ञात व्यक्ति रेन प्रोसेसर चोरी कर ले गए। मामले में एयरटेल कंपनी के स्टेट मैनेजर की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार भरत सिंह राजवी (30) पुत्र जसवंत सिंह राजवी निवासी वार्ड नम्बर एक, 15 केपीडी लुणखा, थाना छतरगढ़, जिला बीकानेर हाल स्टेट मैनेजर एआईजी एयरटेल भारती हेक्साकॉम ने सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिवादी ने बताया कि गांव धोलीपाल में एयरटेल का मोबाइल टावर स्थापित है, जिसकी साइट आईडी डीएलपीएल-01 है। आरोप है कि 19 अप्रैल की रात अज्ञात व्यक्ति टावर परिसर में घुसे और वहां लगा एक रेन प्रोसेसर चोरी कर ले गए। चोरी हुए उपकरण का सीरियल नम्बर सीएन39976790 बताया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी की ओर से जांच-पड़ताल की गई, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुखविंद्र सिंह को सौंपी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और चोरी हुए उपकरण की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
