हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर 19 मई की रात एक तेज रफ्तार सफेद ऑडी कार की टक्कर से यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपी ड्राइवर और कार तक नहीं पहुंच पाई है। इस हादसे की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 19 मई की रात यातायात शाखा प्रभारी अनिल कुमार चिंदा गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि अल्फा सिटी क्षेत्र में एक सफेद ऑडी कार तेज रफ्तार से स्टंट कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त कार पहले भी कई बार इलाके में स्टंट करते देखी गई है और हर बार उसके नंबर बदले जाते रहे हैं।सूचना मिलने के बाद अनिल चिंदा अपनी टीम के साथ अल्फा सिटी पहुंचे। उन्होंने अपने बेटे को भी अल्फा सिटी के मुख्य गेट पर आने के लिए कहा था।

पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के दौरान उनका बेटा गेट के पास खड़ा था। इसी बीच अल्फा सिटी के अंदर से तेज रफ्तार और लापरवाही से निकल रही सफेद ऑडी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने कार को रोकने का इशारा भी किया था, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार कम करने के बजाय और बढ़ा दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल टाउन स्थित बेनीवाल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे श्रीगंगानगर के जनसेवा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात ऑडी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई कमलजीत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की तलाश कर रही है। हालांकि शनिवार देर शाम तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला था।
फिलहाल सवाल यह उठ रहा है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और चार दिन की जांच के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी तक क्यों नहीं पहुंच पाई।
