हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र के गांव कलाना में शुक्रवार शाम हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। गांव स्थित श्री श्याम मोबाइल शॉप पर बैठे दो युवकों पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में गंभीर रूप से घायल संदीप की हिसार में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक मनीष का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। संदीप के शव का पोस्टमार्टम भादरा सीएचसी में कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना स्वयं भादरा पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार करीब शाम 4 बजे कलाना गांव स्थित श्री श्याम मोबाइल शॉप पर संदीप और मनीष बैठे हुए थे।

इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को भादरा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया।
एफआईआर में विशाल समेत कई नामजद
घायल मनीष के चाचा की ओर से भादरा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। एफआईआर में कलाना निवासी विशाल और कुछ अन्य युवकों पर फायरिंग का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 9 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपियों की लोकेशन राजस्थान से बाहर मिलने की जानकारी सामने आई है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। एएसपी गीता चौधरी और विभिन्न थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही।
सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के घेरे में
घटना के बाद ‘विशाल हनुमानगढ़िया’ नाम की एक सोशल मीडिया आईडी से की गई पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने जैसी बातें लिखी गई थीं, हालांकि कुछ समय बाद उसे डिलीट कर दिया गया। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी विशाल के खिलाफ हरियाणा में भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित गैंग कनेक्शन की भी जांच कर रही है। फिलहाल घटना में शामिल दूसरा आरोपी भी फरार है।
