हनुमानगढ़। जंक्शन की नई धानमंडी क्षेत्र में एक घर में घुसकर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर से एलईडी, सोने के टॉप्स और नए कपड़ों से भरे बैग चोरी कर ले गए। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हरदेवसिंह संधू (75) पुत्र विचित्रसिंह संधू निवासी दुकान नम्बर 37, शिव मंदिर सिनेमा के पास, नई धानमंडी, जंक्शन ने अपने पुत्र इन्द्रजीत सिंह के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि 26 मई को अल सुबह करीब 3.32 बजे अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस गया और हॉल से 108 सेंटीमीटर की केडी एलईडी चोरी कर ले गया। इसके अलावा कमरे में रखी अलमारी से करीब एक तोला वजन के दो जोड़ी सोने के टॉप्स भी चोरी कर लिए गए। चोर दो बैग भी साथ ले गए, जिनमें नए कपड़े रखे हुए थे। इनमें एक नीले रंग के बैग में पुरुषों के बिना इस्तेमाल किए ब्रांडेड कपड़े तथा एक लावी कंपनी के महरून रंग के बैग में महिलाओं के बिना सिले कपड़े रखे हुए थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई सुभाषचन्द्र को सौंपी गई है।
