हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में एक बंद पड़े मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर पानी की मोटर, तांबे-कांसे के बर्तन, गीजर, टोंटियां, बिजली की तारें, पंखे तथा अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। मामले में टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार न्यू मार्केट, वार्ड नम्बर 43, टाउन निवासी 49 वर्षीय संदीप गोयल पुत्र मदनलाल गोयल ने थाने में रिपोर्ट दी कि उनका एक पुराना मकान पुराने पोस्ट ऑफिस के पास स्थित है। 28 मई की रात को अज्ञात व्यक्ति मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा सामान चोरी कर ले गए। परिवादी ने बताया कि उसे 29 मई की सुबह करीब 7 बजे मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर पानी की मोटर, तांबे और कांसे के बर्तन, गीजर, टोंटियां, बिस्तर, घर की बिजली की तारें, पंखे सहित अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया चोरी का मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई राजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
