हनुमानगढ़। मुख्य बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में संगरिया थाना पुलिस ने चार नामजद सहित सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले में घायल युवक के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने के साथ शरीर पर कई चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार गांव रतनपुरा निवासी 52 वर्षीय नारायणी पत्नी बलराम गोदारा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके पुत्र सोनू के साथ रिंकू, निर्देश बिश्नोई व अन्य युवकों की पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि पिछले तीन दिनों से आरोपी उसके पुत्र का पीछा कर रहे थे और कई बार उनकी ढाणी तक भी पहुंचे थे, लेकिन सोनू वहां नहीं मिला। रिपोर्ट के अनुसार 6 जून की शाम करीब 5 बजे सोनू अपने बच्चे की दवाई लेने के लिए संगरिया के मुख्य बाजार स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर गया था। इसी दौरान रिंकू पुत्र नंदराम निवासी वार्ड नम्बर 1, संगरिया, निर्देश बिश्नोई पुत्र अजय कुमार निवासी भगतपुरा रोड ढाणी, अक्षय नैण निवासी चौटाला ढाणी, मोहित छिम्पा निवासी रतनपुरा तथा तीन अन्य युवक एक वाहन में सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी आरोपियों ने एक राय होकर सोनू को रोक लिया तथा गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हुए लाठी-डंडों व लोहे के कापे से उस पर हमला कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके हाथ व पैर में फ्रैक्चर हो गया। शोर-शराबा सुनकर धीरज छिम्पा पुत्र कालूराम निवासी रतनपुरा, गुरप्रीत सिंह पुत्र जसपाल सिंह निवासी संगरिया तथा अन्य राहगीर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल को बचाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल सोनू को राजकीय चिकित्सालय संगरिया पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी बदमाश और नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं तथा घटना के बाद भी परिवार को धमकियां दे रहे हैं। संगरिया थाना पुलिस ने नारायणी की रिपोर्ट पर रिंकू, निर्देश बिश्नोई, अक्षय नैण, मोहित छिम्पा एवं तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक नौरंगलाल को सौंपी गई है।
