हनुमानगढ़। दिव्यांगजनों, विशेष रूप से दृष्टिबाधित व्यक्तियों के सशक्तिकरण और पुनर्वास के लिए कार्यरत सामाजिक संगठन समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की जिला कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को जंक्शन में आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांगजनों के हित में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई तथा संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. राजीव गोयल को सक्षम संस्था का नया जिलाध्यक्ष चुना गया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप गोदारा को जिला संरक्षक का दायित्व सौंपा गया। साथ ही नव-निर्वाचित जिलाध्यक्ष को जिला कार्यकारिणी के विस्तार की शक्तियां प्रदान की गईं। बैठक में मौजूद प्रांत पदाधिकारियों ने बताया कि हनुमानगढ़ में जल्द ही एक दिव्यांग सेवा केन्द्र शुरू करने की योजना है। इस केन्द्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड, फिजियोथैरेपी तथा अन्य आवश्यक सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। सक्षम संस्था के जोधपुर प्रांत अध्यक्ष गुरमीत सिंह व प्रांत सहसचिव बेलाराम ने बताया कि सक्षम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से प्रेरित एक सेवा संगठन है, जो 21 प्रकार की दिव्यांगताओं से प्रभावित लोगों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जोधपुर प्रांत के 13 जिलों में से 8 जिलों में वर्तमान में दिव्यांग सेवा केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें श्रीगंगानगर जिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सक्षम संस्था देशभर में विभिन्न सेवा और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करती है। प्रयागराज में आयोजित नेत्र कुंभ में करीब 4 लाख लोगों की आंखों की जांच की गई थी तथा जरूरतमंदों की सर्जरी भी करवाई गई। वहीं पिछले वर्ष रामदेवरा में आयोजित बाबा रामदेव नेत्र कुंभ में 1.05 लाख लोगों की नेत्र जांच हुई, 87 हजार लोगों को मौके पर ही चश्मे वितरित किए गए तथा 7200 लोगों की सर्जरी की व्यवस्था कराई गई। बैठक में विशेष रूप से सीमावर्ती गांवों में रहने वाले दिव्यांगजनों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्था आगामी दिनों में ठोस पहल करेगी। बैठक में मौजूद सदस्यों ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।
