हनुमानगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से 8.30 बजे तक करीब ढाई घंटे तक चले इस अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों में झाड़ू लगाई तथा कचरा एकत्रित कर साफ-सफाई की। कार्यकर्ताओं ने परिसर के कोने-कोने को साफ कर स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया। इसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए गए। इस मौके पर डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि राजकीय जिला चिकित्सालय में लंबे समय से सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी के जन्मदिन पर पार्टीबाजी से ऊपर उठकर अस्पताल परिसर में सफाई अभियान आयोजित किया गया, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छ परिसर न केवल बीमारियों के प्रसार को रोकने में सहायक होता है, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों को भी राहत प्रदान करता है। सफाई अभियान में गुरदीप चहल, मनमोहन सोनी, बंशी खन्ना, जयराम ढूकिया सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर श्रमदान किया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
