हनुमानगढ़। यातायात नियमों की पालना, सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस की ओर से जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर या नंबर प्लेट पर शब्द-चिह्न लिखे वाहनों, एलईडी लाइट, प्रेशर हॉर्न तथा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने जिला मुख्यालय पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 13 दुपहिया वाहनों को सीज किया। इसके अलावा बिना नंबर और एलईडी लाइट लगे आठ अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया। नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वाले थ्री व्हीलर एवं ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने ऐसे करीब 50 थ्री व्हीलर और ई-रिक्शा सीज किए। टाउन क्षेत्र में चुंगी नंबर 6, रावतसर रोड और हॉस्पिटल रोड तथा जंक्शन क्षेत्र में शहीद भगत सिंह चौक, रेलवे स्टेशन रोड और बस स्टैंड रोड पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा चलाते मिले नाबालिग बच्चों के परिजनों को मौके पर बुलाया गया और उन्हें समझाइश दी गई कि वे बच्चों को बालिग होने से पहले ई-रिक्शा सहित किसी भी प्रकार का वाहन न चलाने दें। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में थ्री व्हीलर और ई-रिक्शा चालकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन कई चालक सड़क के बीच वाहन रोक देते हैं या नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
