हनुमानगढ़। राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील उप शाखा हनुमानगढ़ द्वारा तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण की मांग को लेकर सोमवार को एसडीएम हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से नहीं हो रहे हैं, जिसके कारण हजारों शिक्षक अपने परिवार से दूर कठिन परिस्थितियों में सेवाएं देने को मजबूर हैं। संगठन ने कहा कि अनेक शिक्षकों की पारिवारिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि स्थानांतरण प्रक्रिया लंबे समय से बंद रहने के कारण कई शिक्षक अपने गृह जिले अथवा निकटवर्ती क्षेत्र में सेवा देने के अवसर से वंचित हैं। इससे शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है तथा उन्हें पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य सरकार से मांग की गई कि प्रदेश के तृतीय श्रेणी शिक्षकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण प्रक्रिया को शीघ्र खोला जाए तथा पारदर्शी एवं न्यायसंगत नीति के तहत स्थानांतरण किए जाएं। इस दौरान उप शाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार, नरेश कुमार ओम, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश नांदेवाल, जिला मंत्री अशोक कुमार, बलविंदर सिंह, कलवंत सिंह गिल, धर्मवीर पारीक सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
