– मकान मालिक पर अवैध बिजली उपयोग का आरोप, शिकायतकर्ता ने कानूनी कार्रवाई की उठाई मांग
हनुमानगढ़। बिजली चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने विद्युत विभाग से अवैध कनेक्शन हटाकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार पुत्र हनुमान सिंह, निवासी वार्ड नंबर 34, हनुमानगढ़ टाउन ने सहायक अभियंता (ओ एंड एम), जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल), हनुमानगढ़ जंक्शन को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उन्होंने वार्ड नंबर 57 स्थित एक मकान 27 फरवरी 2024 को खरीदा था। उनका आरोप है कि उक्त मकान में पूर्व मालिक गुरदित्ता सिंह अभी भी कब्जे में हैं। राकेश कुमार का कहना है कि मकान और दुकान के उनके दोनों वैध बिजली कनेक्शन 10 फरवरी 2026 को विच्छेद कर दिए गए थे। इसके बाद से आरोपित अवैध रूप से तार जोड़कर (कुंडी लगाकर) मकान और दुकान में बिजली का उपयोग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने करीब एक माह पहले बिजली विभाग के विजिलेंस विंग में भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में मकान मालिक से बात की तो उन्होंने अपनी मर्जी से बिजली उपयोग जारी रखने की बात कही। राकेश कुमार ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मौके पर जांच कर अवैध बिजली कनेक्शन तत्काल हटाया जाए तथा बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
