
हनुमानगढ़। टीम यूथ क्लब सोसायटी के 9वें स्थापना दिवस के मौके पर जंक्शन स्थित सारस्वत भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, खेल एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, सेवानिवृत्त उपकोषाधिकारी हरीकृष्ण वर्मा, एसआई शम्भूदयाल स्वामी, युधिष्ठिर गक्खड़, डॉ. सुमन चवाला, कोच गुरप्रेम सिंह मान तथा नेहरू युवा केन्द्र जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया थे। अध्यक्षता यूथ क्लब सोसायटी संस्थापक एवं अध्यक्ष मनदीप सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद 100 खिलाड़ियों को खेल जूते वितरित किए गए। इसके साथ ही 15 कबड्डी खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले तथा खेल प्रतियोगिताओं, शैक्षणिक परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, राजकीय सेवाओं में चयनित 128 प्रतिभाओं को सम्मानित कियार गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों व विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया। इस मौके पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने कहा कि नशा मुक्त हनुमानगढ़ के संकल्प के साथ खेल व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों का सम्मान तथा जरूरतमंद बच्चों को खेल सामग्री प्रदान करना वास्तव में समाज को सही दिशा देने वाला सराहनीय प्रयास है। प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि उन्हें सही दिशा, अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। अन्य अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल और शिक्षा का संतुलन ही सर्वांगीण विकास का आधार है। अध्यक्ष मनदीप सिंह ने कहा कि यूथ क्लब सोसायटी का लक्ष्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, खेलों को बढ़ावा देना और समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना है। उन्होंने भविष्य में और भी बड़े स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर सोसायटी उपाध्यक्ष नितिन, सचिव करण, सदस्य कोहिनूर, अरुण, सुखवीर सिद्धू, शुभम, सुमित पंवार आदि मौजूद रहे।
