हनुमानगढ़। नोहर थाना क्षेत्र के सोनड़ी गांव में संचालित कंपोजिट शराब ठेके से करीब 8 लाख 45 हजार 858 रुपए कीमत की शराब और सीसीटीवी कैमरे चोरी होने का मामला सामने आया है। ठेका संचालन से जुड़े युवक ने तीन व्यक्तियों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में कार्रवाई नहीं होने के बाद न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, नोहर के इस्तगासे पर नोहर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोनड़ी निवासी विक्रम (27) पुत्र राजेन्द्र ने न्यायालय में परिवाद पेश किया। परिवादी के अनुसार ग्राम पंचायत सोनड़ी में कंपोजिट शराब का ठेका संचालित है। इसकी अनुज्ञाधारी मैना देवी पत्नी राजेन्द्र निवासी सोनड़ी हैं। आबकारी विभाग की अनुमति से मैना देवी ने ठेके के संचालन व देखरेख के लिए विक्रम को नौकरनामा दे रखा था। परिवाद के अनुसार आरोपी इलियास पुत्र बाबू खां को ठेके में सहभागीदार बनाया गया था, जबकि असलम पुत्र बाबू खां और भीम राजपूत निवासी भूकरका को सेल्समैन के रूप में रखा गया था। परिवादी ने आरोप लगाया कि 31 मार्च की रात करीब 11 से 12 बजे तीनों आरोपी बिना अनुमति चोरी की नीयत से शराब ठेके में दाखिल हुए। इसके बाद ठेके में रखी करीब 8 लाख 45 हजार 858 रुपए कीमत की शराब को कथित रूप से अज्ञात वाहनों में डालकर चोरी कर ले गए। जाते समय आरोपी ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी निकालकर अपने साथ ले गए, जिससे वारदात के साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया। परिवादी के अनुसार उसने घटना के बाद आरोपियों से लगातार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी स्वयं फोन रिसीव नहीं कर रहे थे और किसी अन्य व्यक्ति से बात करवाकर मामले को टालते रहे। बाद में कथित तौर पर आरोपियों ने शराब और सीसीटीवी कैमरे ले जाने की बात स्वीकार करते हुए सामान लौटाने से इनकार कर दिया। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर नोहर थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक भूराराम को सौंपी गई है। पुलिस अब चोरी गई शराब, सीसीटीवी कैमरों तथा वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल वाहनों के संबंध में जांच कर रही है।
