हनुमानगढ़। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में बुधवार को तिरंगा रैली निकाली गई। पंजाबी मोहल्ला स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से शुरू हुई रैली को सहायक जिला कमिश्नर गाइड प्रवीण रानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की 10 गाइड तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 6 स्काउट्स और 9 गाइड्स ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले स्काउट्स-गाइड्स ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद-जय भारत’ के जयघोष लगाए। रैली में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह नजर आया। ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक ने कहा कि तिरंगा स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। हर घर पर लहराता तिरंगा देश के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं। ट्रेनिंग काउंसलर रतना देवी, यूनिट लीडर प्रियंका स्वामी एवं काजल भाटी के नेतृत्व में तिरंगा रैली हिसारिया मार्केट के निकट एसएसडीएस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर पहुंची। यहां विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार एवं यूनिट लीडर मोनिका ने स्काउट-गाइड दल का स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय परिसर के कक्षा-कक्ष में मौजूद छात्र-छात्राओं के समक्ष स्काउट-गाइड्स ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति प्रेम एवं समर्पण का संदेश दिया गया।
