हनुमानगढ़। शिव शक्तिपीठ सेक्टर नंबर 6 स्थित श्री कल्याण कमल आश्रम में स्वामी कमलानंद जी की प्रेरणा से श्रावण मास की हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार को हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन में क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के साथ विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की गई। पंडित भानुदेव शास्त्री के सान्निध्य में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन संपन्न करवाया गया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर क्षेत्र की उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। हवन यज्ञ में भवानी शंकर, भानुदेव ओझा, गिरधारी कालड़ा, राम मटोरिया, मनोज बंसल, सूर्यप्रकाश जोशी सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति ने भाग लिया। आयोजन के दौरान आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। आयोजकों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ आपसी भाईचारा, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। हवन के समापन पर सभी ने विश्व शांति एवं क्षेत्र के कल्याण की सामूहिक कामना की।
