– कब्जे का आरोप, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर नगर परिषद कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित जिला कारागृह के सामने सेक्टर 11बी में राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) का होटल लंबे समय से बदहाली का शिकार है। करीब 25 से 30 वर्षांे से बंद पड़े इस होटल का भवन समय के साथ जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो गया है। स्थानीय स्तर पर इसके आसपास अतिक्रमण होने के आरोप भी सामने आए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष विकास झोरड़ ने नगर परिषद और प्रशासन से आरटीडीसी होटल परिसर के आसपास हुए कथित अतिक्रमण को जल्द हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो सोमवार को नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा। विकास झोरड़ ने कहा कि जिला कारागृह के सामने स्थित यह आरटीडीसी होटल हनुमानगढ़ जिले का एकमात्र होटल है, लेकिन वर्षांे से संचालन बंद होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई। देखरेख के अभाव में भवन जर्जर हो चुका है और लंबे समय तक यह स्थान कथित तौर पर नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का केन्द्र बना रहा। विकास झोरड़ ने प्रशासन से मांग की कि वर्षांे से बंद पड़े इस भवन को लेकर जल्द ठोस निर्णय लिया जाए। यदि भवन उपयोग योग्य नहीं है तो इसे पूरी तरह ध्वस्त कर सुरक्षित व्यवस्था की जाए और यदि भवन का जीर्णोद्धार संभव है तो इसकी मरम्मत करवाकर इसे दोबारा पर्यटन एवं आवास सुविधा के रूप में शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि करोड़ों की सार्वजनिक संपत्ति को वर्षांे तक यूं ही उपेक्षित छोड़ना उचित नहीं है। प्रशासन को होटल की वर्तमान स्थिति, भूमि एवं परिसर में हुए कथित अतिक्रमण की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। विकास झोरड़ ने कहा कि आरटीडीसी की यह संपत्ति लंबे समय से बंद होने के कारण बदहाल हो चुकी है। यदि समय रहते इसकी सुध ली जाए तो इसे फिर से उपयोगी बनाया जा सकता है। उन्होंने नगर परिषद से अतिक्रमण संबंधी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने और प्रशासन से पूरे मामले की निगरानी करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
