हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ के नवनियुक्त उपखंड अधिकारी (एसडीएम) श्यामसुंदर बेनीवाल ने सोमवार को कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

एसडीएम बेनीवाल ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन तक उनके लाभ पहुंचने की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान खाद्य सुरक्षा योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा आमजन की समस्याओं का नियमानुसार, पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

