हनुमानगढ़। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय के बीएससी नर्सिंग विद्यार्थियों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर महाविद्यालय को उसके पूर्ण हो चुके नवीन भवन में तत्काल स्थानांतरित करवाने की मांग की है। विद्यार्थियों का कहना है कि वर्तमान में कॉलेज का संचालन एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में किया जा रहा है, जहां सीमित कक्षा-कक्षों के कारण उनकी पढ़ाई और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों के अनुसार वर्तमान में बीएससी नर्सिंग के करीब 240 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें अलग-अलग सेमेस्टर के चार बैच संचालित हो रहे हैं तथा इस वर्ष 60 नए विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया भी चल रही है। इससे छात्र संख्या करीब 300 तक पहुंच सकती है। दूसरी ओर एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में केवल तीन कक्षा-कक्ष उपलब्ध हैं और वहां पहले से करीब 90 एएनएम विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में पर्याप्त स्थान नहीं होने से नियमित कक्षाएं और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने का दावा विद्यार्थियों ने किया है। छात्र लविश प्रभाकर व योगेश ने बताया कि राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नवीन भवन पूर्ण रूप से तैयार हो चुका है। भवन में फर्नीचर की व्यवस्था हो चुकी है तथा सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात हैं। कक्षा-कक्षों की व्यवस्था को लेकर गठित समिति की ओर से निरीक्षण भी किया जा चुका है और जियोटैग्ड फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जा चुकी है। इसके बावजूद कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया है। विद्यार्थियों का कहना है कि बीएससी नर्सिंग व्यावहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा है, जिसके लिए पर्याप्त कक्षा-कक्ष और प्रैक्टिकल सुविधाएं जरूरी हैं। जगह की कमी के कारण उपलब्ध प्रैक्टिकल डमीज एवं अन्य शिक्षण संसाधनों का भी समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए प्रधानाचार्य और पीएमओ कार्यालय से संपर्क किया, लेकिन उन्हें एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भेजे जाने की स्थिति बनी हुई है। विद्यार्थियों ने जिला कलक्टर से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर नवीन भवन में स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करवाने, देरी के कारणों की जांच कराने तथा बीएससी नर्सिंग के लिए स्वतंत्र एवं पर्याप्त शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
