हनुमानगढ़। भारतीय किसान संघ जिला शाखा की मासिक बैठक मंगलवार को जंक्शन धानमंडी स्थित किसान भवन में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मूंग और मूंगफली की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू करने सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक के बाद किसान संघ के बैनर तले किसानों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की मांग की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से मूंग और मूंगफली की सरकारी खरीद नवंबर में शुरू की जाती है। तब तक कई किसान मजबूरी में अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेच देते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। किसानों के हित में दोनों फसलों की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से ही शुरू करने की मांग की गई। गेहूं खरीद मामले की जांच की मांग बैठक में जिले में गेहूं की सरकारी खरीद में घोटाले का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने जिला प्रशासन से प्रकरण की गहनता से जांच करवाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यापारी और किसानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में भी बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। किसानों ने घग्घर नदी में करीब तीन हजार क्यूसेक पानी चलने के बावजूद जीडीसी में पानी नहीं छोड़े जाने का मुद्दा भी उठाया। वक्ताओं ने कहा कि इससे जीडीसी क्षेत्र के किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ के कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात की गई तो रेगुलेशन के तहत पानी घग्घर में छोड़ने की बात कही गई। किसानों का कहना था कि अधिक बारिश के समय जीडीसी में पानी छोड़ा जाता है, जबकि हनुमानगढ़ शहर को बचाने के लिए घग्घर में नाममात्र का पानी छोड़े जाने की बात कही जाती है। किसानों ने जीडीसी में भी आवश्यकतानुसार पानी छोड़ने की मांग की। बैठक के बाद किसानों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर मूंग और मूंगफली की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर जीडीसी में पानी छोड़ने की मांग भी की गई।
