हनुमानगढ़। देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान और भाईचारे का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘राखी से रक्षा’ अभियान के तहत सोमवार को टाउन स्थित एसपीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां देश की सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए भेजीं। विद्यार्थियों ने कहा कि जवान देश की रक्षा के लिए घर-परिवार से दूर रहकर अपना कर्तव्य निभा रहे हैं, ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करना उनके लिए गर्व की बात है। इसी क्रम में डॉ. निशांत बतरा की धर्मपत्नी ने भी अभियान में सहभागिता निभाते हुए वीर जवानों के लिए 100 राखियां भेजीं। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित मुख्य प्रधान डाकघर के प्रधान डाकपाल पुरुषोत्तम कुक्कड़ ने बताया कि भारतीय डाक विभाग की ओर से देशभर में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सीमा पर तैनात जवानों तक देशवासियों का प्रेम और अपनापन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सीमा पर ड्यूटी कर रहे जवान खुद को अकेला महसूस न करें, बल्कि उन्हें यह एहसास हो कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर किसी भी सैनिक की कलाई सूनी न रहे, इसी संकल्प के साथ भारतीय डाक विभाग की ओर से ‘राखी से रक्षा’ अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जवानों के प्रति सम्मान और देशभक्ति का भाव देखने को मिला। हाथों से बनाई राखियों के जरिए विद्यार्थियों ने सीमा पर तैनात सैनिकों को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और देशवासियों के स्नेह का संदेश भेजा।
