– बारिश से बचाने वाले विशेष कवर में भेजी जा रही राखियां- रोली-चावल-मोली के साथ मिठाई भी भेज सकेंगे भाई-बहन
हनुमानगढ़। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने राखी भेजने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित मुख्य प्रधान डाकघर में राखी की बुकिंग के लिए स्पेशल काउंटर की संख्या बढ़ाकर दो कर दी गई है। पहले एक काउंटर से राखी की बुकिंग की जा रही थी, लेकिन बढ़ती संख्या को देखते हुए अब दो काउंटरों पर काम किया जा रहा है। मुख्य प्रधान डाकघर के प्रधान डाकपाल पुरुषोत्तम कुक्कड़ ने बताया कि राखी भेजने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। डाक विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में डाक सामग्री उपलब्ध है और जरूरत के अनुसार लोगों को सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बार राखी भेजने के लिए भारतीय डाक विभाग की ओर से विशेष डिजाइन वाले मजबूत कवर और बॉक्स जारी किए गए हैं। मानसून के दौरान बारिश में राखियां भीगने की आशंका रहती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे कवर तैयार किए गए हैं, जो बारिश के पानी से राखी को सुरक्षित रखते हैं। इन कवरों की बनावट भी मजबूत है, जिससे राखी के बाहर निकलने या क्षतिग्रस्त होने की आशंका कम रहती है। इन विशेष कवरों का लोग उत्साह से उपयोग कर रहे हैं। विभाग की ओर से राखी भेजने के लिए पर्याप्त संख्या में ऐसे कवर उपलब्ध करवाए गए हैं। प्रधान डाकपाल ने बताया कि राखी के साथ पारंपरिक रूप से रोली, चावल, मोली आदि सामग्री भी भेजी जा सकती है। इसके अलावा मिठाई भी डाक के माध्यम से भेजने की सुविधा है। इससे दूर रहने वाले भाई-बहनों तक रक्षाबंधन का स्नेह और परंपरा पहुंचाना आसान हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि डाक विभाग के नियमों के अनुसार प्रतिबंधित वस्तुएं किसी भी स्थिति में डाक के माध्यम से न भेजें। इनमें लीक होने वाले पदार्थ, नुकीले या विषैले पदार्थ तथा ऐसी अन्य वस्तुएं शामिल हैं, जिनसे मानव जीवन को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी वस्तुओं को डाक में भेजना निषिद्ध है। डाक विभाग की विशेष व्यवस्था से रक्षाबंधन पर दूर रहने वाले भाई-बहनों को समय पर राखी और उपहार भेजने में सुविधा मिल रही है।
