– 28 और 29 अगस्त को राजस्थान रोडवेज की साधारण व द्रुतगामी बसों में नहीं लगेगा किराया, हनुमानगढ़ आगार चलाएगा 85 से 90 बसें
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के पर्व पर राजस्थान राज्य की सीमा में महिलाओं को दो दिन नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से 28 और 29 अगस्त को साधारण एवं द्रुतगामी सेवा की बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा करवाई जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। निगम अधिकारियों के अनुसार नि:शुल्क यात्रा की सुविधा वोल्वो एवं वातानुकूलित (एसी) बसों में उपलब्ध नहीं होगी। इनके अलावा निगम की अन्य सभी बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम की ओर से अतिरिक्त बसें संचालित करने की भी तैयारी की जा रही है। कुछ प्रमुख मार्गांे पर अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी, ताकि महिलाओं और अन्य यात्रियों को आवागमन में परेशानी नहीं हो। हनुमानगढ़ आगार की ओर से रक्षाबंधन के दोनों दिनों में करीब 85 से 90 बसों का संचालन किए जाने की जानकारी दी गई है।
चैक पोस्टों पर रहेगी निगरानी
रक्षाबंधन के दौरान बस संचालन एवं यात्रियों को टिकट मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हनुमानगढ़ डिपो की ओर से विभिन्न मार्गाांे पर चैक पोस्ट स्थापित की गई हैं। हनुमानगढ़ आगार के विकास कुमार नैण ने बुधवार को चैक पोस्टों एवं जंक्शन बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू पाई गईं। उन्होंने बताया कि डिपो की ओर से डबलीराठान के पास सांझा चूल्हा, जंडावाली, शेरगढ़ और रोड़ांवाली में चैक पोस्ट स्थापित की गई हैं। इन चैक पोस्टों पर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार मौजूद हैं। चैक पोस्ट स्थापित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हनुमानगढ़ से विभिन्न मार्गांे पर संचालित होने वाली बसों में परिचालक की ओर से सभी यात्रियों को नियमानुसार टिकट जारी की जा रही है। साथ ही यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या शिकायत होने पर यात्री चैक पोस्ट पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। आगार प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारी अथवा चैक पोस्ट पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।
