- चुनावी तैयारियों, सीसीटीवी निगरानी एवं कानून-व्यवस्था का लिया जायजा, नशे के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बुधवार को पुलिस थाना नोहर का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं आगामी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए थाना क्षेत्र में घटित अपराधों, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने थाना परिसर स्थित एचएम कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, सीसीटीएनएस ऑपरेटर कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, प्रकरणों की लंबित स्थिति, मालखाना प्रबंधन तथा सीसीटीएनएस प्रणाली के संचालन की जानकारी लेते हुए विभागीय कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संपादित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस थाने में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा सभी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग एवं तकनीकी खराबी होने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवादियों एवं आमजन के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अपराधों की रोकथाम, वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए अवैध कारोबार और नशे में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने और अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार फ्रीज एवं जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, संवेदनशील क्षेत्रों एवं व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार श्री बजरंग लाल सहित पुलिस थाना नोहर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
