- 60 वार्डां के लिए तीन काउंटरों पर जमा होंगे नामांकन, 31 अगस्त अंतिम तिथि- कांग्रेस-भाजपा की सूची जारी होने के बाद ही दाखिल होंगे अधिकृत प्रत्याशियों के पर्चे
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर परिषद हनुमानगढ़ के 60 वार्डांे के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। हालांकि अभी तक प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा की ओर से अपने-अपने प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की गई है। ऐसे में दोनों दलों के संभावित प्रत्याशी सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। अधिकृत सूची जारी होने के बाद ही कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों की ओर से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया को लेकर भू-अभिलेखागार के सभाकक्ष में 20-20 वार्डांे के लिए तीन अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। वार्ड संख्या 1 से 20 तक के नामांकन पत्र एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर रवि कुमार, वार्ड संख्या 21 से 40 तक के नामांकन पत्र तहसीलदार एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर राजकुमारी तथा वार्ड संख्या 41 से 60 तक के नामांकन पत्र उप पंजीयक एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर विनोद गोदारा की ओर से प्राप्त किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दो हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। इन पर नामांकन से जुड़ी सामान्य जानकारी देने के साथ ही आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं के बारे में बताया जाएगा, ताकि दस्तावेजों की कमी या प्रक्रिया संबंधी त्रुटि के कारण किसी अभ्यर्थी का नामांकन अनावश्यक रूप से निरस्त न हो। नामांकन पत्रों की जांच सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमें भी गठित की गई हैं। पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने खाली फार्म प्राप्त किए।
रक्षाबंधन और रविवार को नहीं होंगे नामांकन
नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10.30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। रक्षाबंधन के चलते शुक्रवार, 28 अगस्त को नामांकन दाखिल नहीं होंगे। इसके बाद शनिवार, 29 अगस्त को नामांकन के लिए अवसर रहेगा, जबकि रविवार, 30 अगस्त को अवकाश के कारण नामांकन नहीं होंगे। सोमवार, 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन होगा।
सूची जारी होने के बाद बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
कांग्रेस और भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सूची अभी जारी नहीं होने के कारण दोनों प्रमुख दलों के संभावित उम्मीदवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सूची जारी होते ही नगर परिषद के 60 वार्डांे में चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है और इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया में भी तेजी आएगी। जिला प्रशासन ने चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने की अपील की है।
