हनुमानगढ़। जिले में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा किसान मोर्चा की ओर से प्रदेश प्रवक्ता सुशील जोशी को हनुमानगढ़ जिले के नगर निकाय चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर जोशी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी सहित प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। सुशील जोशी ने कहा कि संगठन की ओर से उन्हें सौंपी गई यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि संगठन में उन्हें पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा जिला मंत्री सहित विभिन्न जिम्मेदारियों पर कार्य करने का अवसर मिला है। वर्तमान में भी वे संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। जोशी ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ तक संगठन की विचारधारा और केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी पहुंचाना प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जनता के आशीर्वाद के साथ भाजपा विजय संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। सुशील जोशी ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और विजय ही भाजपा का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास के बल पर हनुमानगढ़ जिले में भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे और पार्टी की विजय के लिए पूरी निष्ठा, ऊर्जा एवं समर्पण से कार्य करेंगे।
