हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों एवं खेलकूद विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया ने विद्यार्थियों को फिट इंडिया अभियान के तहत स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित खेल एवं व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में खेलकूद विभाग प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ राव ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और भारतीय खेल जगत में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति रुचि विकसित करने और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। सहायक आचार्य इतिहास डॉ. भावना ने विद्यार्थियों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने फिट इंडिया अभियान के तहत चल रहे तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारतÓ अभियान में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की। सहायक आचार्य भौतिक शास्त्र डॉ. सुभाष सोनी ने फिट इंडिया विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी मोबाइल फोन पर अधिक समय व्यतीत कर रही है, ऐसे में स्वस्थ शरीर और बेहतर जीवन के लिए खेल एवं व्यायाम को भी पर्याप्त महत्व देना जरूरी है। खेलकूद विभाग के सह-प्रभारी डीआर स्वामी एवं सहायक आचार्य अनमोल शर्मा ने विद्यार्थियों को सितम्बर माह में आयोजित होने वाले विभिन्न खेलों के ट्रायल्स एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। खेल सहायक अवतार सिंह के निर्देशन में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करवाया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य विजय सिंह ने किया। इस मौके पर राय साहब, डॉ. राजकुमार, पंकज मिश्रा सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य मौजूद रहे।
