- 1175 विद्यार्थियों ने प्रभात फेरियों के माध्यम से दिया मतदान का संदेश
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर आमजन, विशेष रूप से महिला एवं ट्रांसजेंडर मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में प्रभात फेरियां, महिला मतदाता जागरूकता बैठकें तथा ट्रांसजेंडर मतदाताओं के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
1175 विद्यार्थियों ने निकाली प्रभात फेरी
नोडल अधिकारी स्वीप एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रद्धा गोमे ने बताया कि जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों में विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सहयोग से प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया।

हाथों में जागरूकता संदेशों वाले पोस्टर एवं बैनर लेकर निकले 1175 छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने नागरिकों से आगामी नगरीय निकाय चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने की अपील की तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
महिलाओं से मतदान में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में महिला मतदाता जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सहयोग से आयोजित इन बैठकों में महिला मतदाताओं तथा शहरी मनरेगा महिला श्रमिकों को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। नगर परिषद टाउन हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ परिवार एवं आसपास की अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
ट्रांसजेंडर मतदाताओं को भी किया जागरूक
स्वीप अभियान के अंतर्गत ट्रांसजेंडर मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया तथा प्रत्येक मत के महत्व की जानकारी देते हुए आगामी नगरीय निकाय चुनाव में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
लोकतंत्र को सशक्त बनाने का किया आह्वान
नोडल अधिकारी स्वीप सुश्री श्रद्धा गोमे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सहभागिता पर निर्भर करती है।

उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से आगामी नगरीय निकाय चुनाव में बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक मतदान से लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधियों का चयन जनभावनाओं के अनुरूप सुनिश्चित हो सकेगा।
