– वार्ड 27 में बिजली-पानी, जलभराव और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रमुख मुद्दे
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव में टाउन के वार्ड नंबर 27 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे रूप प्रताप सिंह सिसोदिया ने भाजपा पर मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। बी.कॉम और एम.कॉम तक शिक्षित रूप प्रताप सिंह ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं, लेकिन पार्टी ने उनके जैसे जमीनी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर एक बार फिर दल-बदलू प्रत्याशी को टिकट दे दिया। इसी कारण उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए विवश होना पड़ा।

रूप प्रताप सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 27 में अधिकांश आबादी मजदूर वर्ग की है। वार्डवासियों को बिजली-पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पात्र होने के बावजूद अनेक लोगों को दस्तावेजों के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने भरोसा जताया तो वंचित परिवारों को उज्ज्वला योजना, आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने वार्ड की प्रमुख समस्याओं को लेकर बताया कि पेयजल संकट के साथ-साथ कम विद्युत वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है। बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। वार्ड में बने अंबेडकर पार्क का गेट टूट चुका है और प्रतिमा भी खंडित हो गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता
निर्दलीय प्रत्याशी ने कहा कि पूर्व पार्षद का कार्यकाल पांच वर्ष से अधिक रहा, इसके बावजूद वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका और जनता उनसे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासी उन्हें पार्षद चुनते हैं तो मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता होगी। बिजली-पानी, जल निकासी, पार्कों के रखरखाव और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। रूप प्रताप सिंह ने वार्ड से बाहरी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता सब जानती है और चुनाव में इसका जवाब देगी। बाहरी प्रत्याशी के जीतने पर वार्डवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि वार्डवासी बाहरी प्रत्याशी का विरोध कर रहे हैं और इस बार स्थानीय मुद्दों के आधार पर मतदान करेंगे।
