– विधायक गणेशराज बंसल और पूर्व सभापति सुमित रणवां ने की विकास की निरंतरता बनाए रखने की अपील
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर जंक्शन के वार्ड नंबर 13 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विधायक गणेशराज बंसल टीम की प्रत्याशी मंजू रणवां के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल और पूर्व सभापति सुमित रणवां ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि विधायक गणेशराज बंसल ने अपनी दूरदर्शी सोच के चलते हनुमानगढ़ को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के जिला बनने के 31 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन पिछले छह वर्षों में शहर में जितना विकास हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। सुमित रणवां ने कहा कि शहर में जहां पहले कचरे के ढेर नजर आते थे, वहां अब सेंट्रल पार्क और राजा की कोठी जैसी सौगातें विकसित की गई हैं। रेलवे लाइन के आसपास सौंदर्यीकरण के लिए ग्रीन बेल्ट और किसान पार्क जैसे कार्य करवाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं पहले भी बनाई जा सकती थीं, लेकिन इसके लिए विजन और इच्छाशक्ति की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि पहले राजनीतिक क्षेत्र में विकास को लेकर प्रतिस्पर्धा नजर नहीं आती थी, लेकिन विधायक गणेशराज बंसल के विधायक बनने के बाद राजनीतिक गतिविधियों में हलचल बढ़ी है। अब नेताओं को भी जनता की मतदान शक्ति का अहसास हो गया है।

उन्होंने वार्डवासियों से विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए मंजू रणवां के पक्ष में मतदान करने की अपील की। विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि नगर परिषद के 60 वार्डों में टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने वार्डवासियों से सभी प्रत्याशियों को मिलकर विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत टीम के माध्यम से नगर परिषद में जनता का बोर्ड बनाया जा सकेगा और शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
151 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान वार्ड 13 के निवासियों ने विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां और प्रत्याशी मंजू रणवां का 151 किलो की विशाल माला पहनाकर स्वागत किया। वार्डवासियों ने इस दौरान वार्ड की ओर से आश्वस्त किया कि मंजू रणवां को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों ने चुनाव प्रचार को गति देने तथा प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प लिया।

