– अमित चौधरी-गौरव जैन बोले—नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बना तो तीन गुना रफ्तार से होगा विकास, कार्यकर्ताओं ने घर-घर दस्तक की बनाई रणनीति
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच जंक्शन के वार्ड नंबर 49 में भाजपा ने चुनावी अभियान को धार दे दी है। वार्ड से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका भाकर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भाजपा नेता अमित चौधरी एवं गौरव जैन ने संयुक्त रूप से किया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं ने वार्ड में जनसंपर्क अभियान तेज करने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित चौधरी और गौरव जैन ने वार्डवासियों से 11 सितंबर को अधिक से अधिक मतदान करने तथा भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान जनता की सबसे बड़ी ताकत है और शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में यदि नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड बनता है तो तीनों स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनते ही शहर के विकास की रफ्तार तीन गुना होगी और वार्डों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा योजनाबद्ध विकास और स्पष्ट सोच के साथ काम करने में विश्वास रखती है। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड जरूरी है। भाजपा प्रत्याशी प्रियंका भाकर ने वार्डवासियों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे वार्ड के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करेंगी। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने घर-घर जनसंपर्क कर प्रियंका भाकर के पक्ष में मतदान की अपील करने की रणनीति तैयार की।
