- देवेन्द्र पारीक बोले-भाजपा की जीत के साथ वार्ड को बनाएंगे आदर्श, बिजली-पानी और पट्टे होंगे प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर टाउन के वार्ड नंबर 31 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार रात वार्डवासियों की ओर से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुनीता पारीक को केलों से तौलकर अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी, विशेषकर महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि वार्डवासियों ने पूर्व में भी उन्हें भरपूर समर्थन और आशीर्वाद दिया है। उन्हें विश्वास है कि इस बार वार्ड नंबर 31 में भाजपा प्रत्याशी की जीत ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना है।
बिजली-पानी और पट्टे प्राथमिकता में
देवेन्द्र पारीक ने कहा कि वार्ड में बिजली-पानी की व्यवस्था सुधारना, गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता में रहेगा। नई आबादी क्षेत्र की कच्ची बस्ती में रहने वाले परिवारों के लिए भी आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई आबादी क्षेत्र की 17, 18 और 19 नंबर गलियों में आने वाली कच्ची बस्ती के पात्र परिवारों के पट्टे बनवाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात भी कही। साथ ही बेरोजगार युवाओं को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
बोले-सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
पारीक ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड के पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार ने विभिन्न परिस्थितियों में जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं तथा आगे भी आमजन को राहत देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
भाजपा सभापति बनने का दावा
देवेन्द्र पारीक ने भाजपा और कांग्रेस की तुलना करते हुए भाजपा सरकारों के कार्यकाल में विकास कार्यों को गति मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से बिजली बिलों में सब्सिडी सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनता को राहत दी गई है।

उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद हनुमानगढ़ में भाजपा का सभापति बड़े बहुमत के साथ बनेगा। विपक्षी दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों पर लोगों में भ्रांतियां फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 31 की जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि भाजपा प्रत्याशी के विजयी होने पर वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की दिशा में काम किया जाएगा और क्षेत्रवासियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे।
