– गणेशराज बंसल ने किया ज्योत्सना के कार्यालय का उद्घाटन, बोले-60 वार्डों में उतारे निर्दलीय प्रत्याशी; विकास के दम पर मांग रहे समर्थन
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 41 में भी चुनावी माहौल गरमा गया है। सोमवार रात टीम गणेशराज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी ज्योत्सना के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल ने रिबन काटकर किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

कार्यालय उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि टीम गणेशराज बंसल की ओर से नगर परिषद हनुमानगढ़ के सभी 60 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी प्रत्याशियों का चुनाव चिह्न बांसुरी है।
‘बिना भेदभाव करवाए विकास कार्य’
गणेशराज बंसल ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वे 2019 में नगर परिषद सभापति बने थे। सभापति बनने के बाद अमित महेश्वरी उनके सलाहकार रहे। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में नगर परिषद के सभी वार्डों में पार्टीबाजी से ऊपर उठकर बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड के पार्षद ने उनके सामने समस्या रखी तो उसका तत्काल समाधान करवाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने वार्ड 41 का उदाहरण देते हुए बताया कि विजय रोंता ने वार्ड में लाइटिंग की समस्या उनके सामने रखी थी। उनके घर पहुंचने से पहले ही संबंधित पार्क में लाइटिंग शुरू करवा दी गई थी।
18 बीघा की गंदगी वाली जगह पर बना 12 करोड़ का पार्क
बंसल ने रावतसर रोड का उदाहरण देते हुए कहा कि टाउन में करीब 18 बीघा क्षेत्र में फैली गंदगी वाली जगह पर मुस्लिम समाज के लोगों को विश्वास में लेकर पार्क निर्माण की नींव रखी गई थी। आज वहां करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से भव्य पार्क तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि यदि काम करने की इच्छाशक्ति हो तो विकास कार्य हर परिस्थिति में संभव है।
जलभराव और गुड़ मंडी का विकास प्रमुख मुद्दा
निर्दलीय प्रत्याशी ज्योत्सना ने वार्ड की समस्याओं को सामने रखते हुए कहा कि बरसात के दौरान वार्ड में जगह-जगह पानी एकत्रित होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर जलभराव की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाने का प्रयास रहेगा।

ज्योत्सना ने वार्ड की अन्य समस्याओं का भी ईमानदारी से समाधान करवाने तथा गुड़ मंडी को विकसित करवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे उन्हें पूर्ण बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि जीत के बाद वह हर समय वार्डवासियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगी।
