– डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मांगे वोट, वारिस अली बोले-सीसीटीवी और पुलिस चौकी से मजबूत करेंगे वार्ड की सुरक्षा, विकास को देंगे नई रफ्तार
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 33 से कांग्रेस प्रत्याशी सायरा बानो पत्नी वारिस अली के समर्थन में बुधवार को समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने वार्ड में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान वार्ड के विकास, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर मतदाताओं से संवाद किया गया। वारिस अली ने कहा कि उन्हें वार्ड नंबर 33 में रहते हुए करीब 35 से 40 वर्ष हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके बुजुर्गों ने भी वार्ड के विकास के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। एक समय बारिश के दौरान वार्ड में तीन से चार फीट तक पानी भर जाता था। सड़क और नालियों की समस्या को लेकर उनके बुजुर्गों ने भूख हड़ताल और आंदोलन किए, जिसके बाद वार्ड में सड़कों एवं नालियों का निर्माण करवाया गया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी ने उनकी पत्नी सायरा बानो को प्रत्याशी बनाकर सेवा का अवसर दिया है। वारिस अली ने वार्डवासियों से अपील की कि वे कांग्रेस प्रत्याशी को अधिकाधिक मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजें, ताकि वार्ड के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। वारिस अली ने कहा कि वार्ड में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं आसपास के वार्डों में नशे का कारोबार भी चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि सायरा बानो को जीत मिलती है तो पूरे वार्ड को सीसीटीवी कैमरों से लैस करवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही वार्ड में पुलिस चौकी खुलवाने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और बच्चों को नशे की गिरफ्त से दूर रखा जा सके। उन्होंने पूर्व के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पहले वार्ड में कांग्रेस का पार्षद विजयी हुआ था। उस समय वार्डवासियों ने पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के समक्ष मीठे पानी और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की मांग रखी थी। उनके अनुसार, पूर्व मंत्री के प्रयासों से वार्ड में पानी की टंकी का निर्माण करवाया गया तथा सूर्यनगर में प्राथमिक चिकित्सा केंद्र खुलवाया गया। वारिस अली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के जाने के बाद करीब पौने तीन वर्षों में वार्ड में विकास कार्य ठप पड़े हैं और एक ईंट तक नहीं लगी। उन्होंने इसका कारण पूर्व कांग्रेस पार्षद के कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय विधायक के साथ चले जाने को बताया। उन्होंने वार्डवासियों से कहा कि जिस तरह उन्होंने पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाया था, उसी तरह इस बार भी सायरा बानो को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजें, ताकि वार्ड में विकास, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सके।
