– 1.85 लाख रुपए नकद और दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त, गोलूवाला थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जिले में अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी की कार्रवाई
हनुमानगढ़। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी का पर्दाफाश किया है। गोलूवाला थाना पुलिस ने रोही अयालकी में एमओडी नहर के पास खड़े दो संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर 19 पैकेटों में रखी 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 1 लाख 85 हजार रुपए नकद और दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक की यह सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बरामद हेरोइन पाकिस्तान की सीमा से आई है। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओम प्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ बी आदित्य के नेतृत्व में मादक पदार्थांे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और शहर वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। एसपी बी आदित्य के अनुसार, रविवार को सीआईडी जोन श्रीगंगानगर से सूचना मिली कि गोलूवाला थाना क्षेत्र में दो संदिग्ध वाहन खड़े हैं, जिनमें संदिग्ध वस्तु होने की आशंका है। सूचना पर गोलूवाला थाना प्रभारी जितेंद्र स्वामी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। तलाश के दौरान रोही अयालकी में एमओडी नहर के पास दो संदिग्ध वाहन नंबर आरजे 31 सीए 6895 और डीएल 8 सीएएच 1881 खड़े मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो उनमें 19 अलग-अलग पैकेटों में कुल 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 85 हजार रुपए नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ और नकदी जब्त कर मौके पर मौजूद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन एक ही परिवार के
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हासम अली (29) पुत्र शौकत अली, रवीना (20) पत्नी हासम अली और गुलजारा (50) पत्नी शौकत अली तीनों निवासी वार्ड नंबर 6, हांसलिया के रूप में हुई है। चौथा आरोपी बलविंद्र सिंह (34) पुत्र कश्मीर सिंह निवासी रायपुर गुजरां पीएस महतपुर तहसील नकोदर जिला जालंधर का रहने वाला है। इस संबंध में गोलूवाला थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान पीलीबंगा थाना प्रभारी राय सिंह सुथार कर रहे हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की खरीद-फरोख्त, तस्करी के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में गोलूवाला थाना प्रभारी जितेंद्र स्वामी, सहायक उप निरीक्षक हरिराम, हेड कांस्टेबल भागचंद तथा कांस्टेबल विक्रमजीत, दीनदयाल, विष्णुराम, हरविंद्र सिंह, ममता शामिल रहीं। पीलीबंगा थाने की कांस्टेबल संतोष ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। सीआईडी जोन श्रीगंगानगर के उप निरीक्षक बंशीलाल और दीपचन्द की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
