हनुमानगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हनुमानगढ़ निवासी पवन गोदारा को मिजोरम राज्य का ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। उन्हें कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओÓ अभियान के तहत संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति से हनुमानगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। अभियान के तहत पवन गोदारा मिजोरम में संगठनात्मक कार्यक्रमों की प्रगति पर नजर रखने के साथ निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने में समन्वय की भूमिका निभाएंगे। उन्हें एआईसीसी महासचिव एवं प्रभारी, एआईसीसी सचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों तथा अग्रणी संगठनों के साथ तालमेल स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है। पवन गोदारा राजस्थान सरकार में राज्य ओबीसी वित्त एवं विकास आयोग तथा राज्य युवा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इन दोनों पदों पर उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। वे राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस के दो बार अध्यक्ष भी रहे हैं। राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के महासचिव का चुनाव जीतकर छात्र राजनीति में पहचान बनाने वाले गोदारा ने एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के माध्यम से संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। एआईसीसी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी के तहत वे संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय बनाने, विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के बीच तालमेल कायम करने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करेंगे। पर्यवेक्षकों को संबंधित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अभियान की प्रगति पर नजर रखने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्थान के कई नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस के इस अभियान के लिए विभिन्न राज्यों में अन्य नेताओं को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजस्थान से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व मंत्री रघु शर्मा सहित पांच सांसदों और पांच विधायकों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। हनुमानगढ़ के पवन गोदारा को मिजोरम का ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाने को उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव के राष्ट्रीय स्तर पर उपयोग के रूप में देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
