– अभियान के तहत 2300 लीटर हथकढ़ और 1800 लीटर देसी शराब जब्त, दो लाख लीटर लाहन नष्ट
हनुमानगढ़। आगामी पंचायत चुनाव और आबकारी आयुक्त के निर्देशों के तहत हनुमानगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। विभाग की ओर से अब तक 378 मामले दर्ज कर 181 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान 2300 लीटर हथकढ़ शराब और 1800 लीटर देसी शराब जब्त की गई, जबकि दो लाख लीटर लाहन नष्ट किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमों का गठन कर लगातार निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत मंगलवार को हनुमानगढ़ सर्किल में आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक चालू भ_ी जब्त की। मौके से 15 लीटर हथकढ़ शराब भी बरामद की गई। विभाग की ओर से अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। नोहर सर्किल में भी मंगलवार को एक मामला दर्ज किया गया। जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार, जितेन्द्र सिंह पुत्र रतन सिं निवासी असरजाना पीएस नोहर लगातार अन्य लोगों के खिलाफ शिकायतें कर रहा था, लेकिन उसकी शिकायतें जांच में झूठी पाई जा रही थीं। इसी दौरान मुखबिर तंत्र से सूचना मिलने पर टीम ने जितेन्द्र सिंह के घर कार्रवाई की, जहां से शराब बरामद हुई। विभाग ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि पंचायत चुनाव के तीसरे और चौथे चरण को देखते हुए ड्राई डे की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें निर्धारित ड्राई डे के दौरान निगरानी रखेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने और चुनाव के दौरान नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
