हनुमानगढ़। कांग्रेस पार्टी की ओर से चलाए जा रहे मनरेगा संग्राम अभियान के तहत गुरुवार को जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षां में भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को खत्म करने के बजाय केवल उनके नाम बदलने का काम किया है। योजनाओं की आत्मा और उद्देश्य से छेड़छाड़ कर आमजन को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस शासनकाल में शहरों को चमन की तरह विकसित किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के नाम पर शहरों को उजाड़ने का काम किया जा रहा है। आज शहरों में जगह-जगह सड़कों को तोड़कर छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को रोजमर्रा के जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की हालत खराब है, मूलभूत सुविधाओं का अभाव बढ़ता जा रहा है और जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आमजन की जरूरतों को प्राथमिकता दी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार केवल प्रचार और नाम बदलने की राजनीति में लगी हुई है। मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए मक्कासर ने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना थी, जिसने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाने का काम किया। लेकिन भाजपा सरकार ने इसका नाम बदलकर वीबी जी राम जी कर दिया और योजना में ऐसे संशोधन किए जा रहे हैं, जिससे गरीबों, मजदूरों और किसानों से रोजगार छीनने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और गरीब, मजदूर व किसान के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी। इस मौके पर ओमप्रकाश सैनी, राजेंद्र सहू, शिवचंद सैनी, रामचंद्र भाटी, किरोड़ीमल सैनी, दुर्गादत्त सैनी, शिवेंद्र सिंह, बलराम यादव, जाकिर हुसैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
