हनुमानगढ़। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान सरकार की पहल के अंतर्गत हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आई-स्टार्ट लैब नेस्ट की स्थापना की गई है। यह लैब विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता की दुनिया से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार सृजनकर्ता बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आई-स्टार्ट लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। लैब निदेशक राजवीर एवं दिनेश सैनी के नेतृत्व में छात्रों को उद्यमिता से जुड़े विविध पहलुओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे उनमें उद्यमशील सोच और नवाचार की प्रवृत्ति विकसित हो सके। लैब में विद्यार्थियों को इननोवेशन, स्टार्टअप आइडिया डेवलपमेंट, फंडिंग प्रक्रिया, मार्केटिंग रणनीतियाँ तथा बिजनेस मॉडल को व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया जाता है।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक जीवन की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार आई-स्टार्ट लैब विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध हो रही है। इस पहल से छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा स्वरोजगार के प्रति रुचि में निरंतर वृद्धि हो रही है। अब विद्यार्थी केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि स्वयं के स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार सृजन करने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं। विशेष बात यह है कि आई-स्टार्ट लैब का लाभ केवल पीएम श्री राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। जिले के किसी भी विद्यालय के छात्र एवं युवा यहां आकर स्टार्टअप और नवाचार से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल के माध्यम से विद्यालय जिले में नवाचार आधारित शिक्षा का सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है।
