नोहर। नोहर की अनाज मंडी में चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां दुकान से कई दिनों में धीरे-धीरे ग्वार चोरी किए जाने का मामला पुलिस तक पहुंचा। व्यापारी ने जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तब चोरी का खुलासा हुआ। नोहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रामनिवास (40) पुत्र मदन सिंह जाट निवासी वार्ड 36, नोहर ने लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि अनाज मंडी में उनकी धर्मपाल रामनिवास के नाम से दुकान संचालित है। रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले 5 से 7 दिनों के दौरान दुकान से धीरे-धीरे करीब 3 क्विंटल ग्वार चोरी कर लिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, दुकान के स्टॉक में कमी महसूस होने पर उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज की जांच करने पर पता चला कि सरवर उर्फ धोलू खां, पुत्र अकबर खां निवासी नोहर की ओर से ग्वार चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद व्यापारी ने तत्काल पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल कालूराम के सुपुर्द कर दी है। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की गतिविधियों की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
