हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थां के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए करीबन पांच किलोग्राम चूरा पोस्त के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले का निवासी है। पुलिस के अनुसार सदर थाना के एसआई हरबंश लाल के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान रोही डबलीराठान क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की (45) पुत्र दर्शन सिंह निवासी अबुल खुराना पीएस मलोट सिटी जिला श्रीमुक्तसर साहिब, पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने जब आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें से 4 किलो 963 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले का आगे का अनुसंधान जंक्शन थाना की एसआई चुकां को सौंपा गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई हरबंश लाल, हेड कांस्टेबल धर्मपाल, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, विनोद कुमार तथा सुरेंद्र शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थांे की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
