ऐलनाबाद। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा शहरवासियों के सहयोग से आगामी 2 मार्च (सोमवार) को 9वां “भगवा होली महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज शहर के डीएवी स्कूल में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे शहर में डोर-टू-डोर निमंत्रण पत्र वितरित करने हेतु सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई। यह जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी देवेंद्र गोयल ने दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 2:00 बजे नोहर रोड स्थित बालाजी धाम बगीची से होगा। शोभायात्रा मुख्य बाजार के पंचमुखी चौक, ममेरा चौक, गांधी चौक, चौधरी देवीलाल चौक व टिब्बी चौक से होती हुई सायं नचिकेतन मॉडल स्कूल, उधम सिंह चौक पर संपन्न होगी। महोत्सव में मुख्य अतिथि समाजसेवी राधेश्याम छापोला, विशिष्ट अतिथि युवा अरोड़ वंश सेवा समिति के अध्यक्ष राजीव वधवा तथा स्वागताध्यक्ष भगवान वाल्मीकि प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष अमित सर्वटा होंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रतिभागी राजस्थानी वेशभूषा में डफ और धमाल के साथ होली खेलते हुए रंग-गुलाल उड़ाएंगे। शोभायात्रा बालाजी धाम से दोपहर 2:00 बजे प्रस्थान करेगी। होली उत्सव के अवसर पर लकी ड्रा कूपन योजना भी रखी गई है, जिसमें 10 आकर्षक उपहारों के साथ एक बंपर ड्रा निकाला जाएगा। बंपर ड्रा के विजेता को साइकिल प्रदान की जाएगी। कूपन 2 मार्च को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक बालाजी धाम बगीची में जमा करवाए जा सकेंगे। प्रत्येक व्यक्ति केवल एक ही कूपन जमा करवा सकेगा तथा उपहार उसी व्यक्ति को प्रदान किया जाएगा, जिसके पास मौके पर संबंधित कार्ड उपलब्ध होगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
