हनुमानगढ़। जिला टेप बॉल संघ की बैठक मंगलवार को टाउन स्थित प्रेमनगर में ललित जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में टेप बॉल क्रिकेट को संगठित और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने, नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सभी सदस्यों ने एकमत होकर पदाधिकारियों के नामों का अनुमोदन किया। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर सुशील खाजोतिया को चुना गया, जबकि सचिव पद की जिम्मेदारी डॉ. सुमित कुक्कड़ को सौंपी गई। कोषाध्यक्ष के रूप में देवकरण को नियुक्त किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर डॉ. अमित अरोड़ा का चयन किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील खाजोतिया ने कहा कि संघ का उद्देश्य जिले में टेप बॉल क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने खिलाड़ियों के हितों की रक्षा और खेल भावना को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया। सचिव डॉ. सुमित कुक्कड़ ने बताया कि जल्द ही जिले स्तर पर प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। बैठक में मौजूद सदस्यों ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में हनुमानगढ़ में टेप बॉल क्रिकेट का विकास तेजी से होगा और अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ेंगे।
