हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत मंच के तत्वावधान में मंगलवार को जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय आपातकाल के 50 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक रहे जिसमें युवाओं ने संसदीय परंपराओं के अनुरूप तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकताए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सजग एवं जिम्मेदार नागरिक की भावना को सशक्त करना था। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 133 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया।

प्रतिभागियों ने संविधान की सर्वोच्चता, मौलिक अधिकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र मीडिया जैसे गंभीर विषयों पर अपने विचार रखे। भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित सहू ने विजन 2047 की अवधारणा साझा करते हुए सशक्त राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। शिक्षाविद हरिकृष्ण आर्य ने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को पहचानने और आपातकाल के ऐतिहासिक संदर्भां से सीखने की प्रेरणा दी। प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने सरकार की ओर से प्रदत्त मंचों का अधिकतम लाभ उठाने की बात कही। कार्यक्रम में कंप्यूटर विभाग के पंकज मिश्रा ने मानवाधिकारों के संरक्षण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बल दिया। नोडल अधिकारी किरण ढील ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा की सराहना की।

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रोहित स्वामी ने युवाओं को नशे से दूर रहने और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह दी वहीं तहसीलदार नौरंगदेसर भावना शर्मा ने बेहतर पठन संस्कृति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। निर्णायक मंडल में शामिल वरिष्ठ पत्रकार गोपाल झा, प्राचार्य सरोज न्यौल और एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. विनोद खुड़ीवाल ने प्रतिभागियों को आलोचनात्मक दृष्टिकोण रखने और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के आधार पर राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए शीर्ष पांच प्रतिभागियों का चयन किया गया। प्रथम लविना जैन एमए अर्थशास्त्र, द्वितीय समीक्षा शेखावत एमएससी रसायन शास्त्र, तृतीय पूजा चतुर्थ कुसुम नाथ एवं पंचम स्थान पर अर्पण-जोत रहे। नेहरू युवा केन्द्र प्रभारी रीना केसरिया ने सभी प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल की गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
