हनुमानगढ़। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से टी-शर्ट उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इसी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय से रैली के रूप में रवाना हुए और लाल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सांकेतिक पुतले की शवयात्रा निकाली। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय के समक्ष पुतला दहन कर विरोध जताया गया। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि एआई समिट एक वैश्विक मंच था, जहां भारत की तकनीकी दक्षता, रणनीतिक दूरदर्शिता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में उभरते नेतृत्व को प्रदर्शित करने का अवसर था। उनका आरोप है कि ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में विरोध प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। भाजयुमो के आशीष पारीक ने कहा कि आज विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है और एआई समिट उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पूर्व में भी विदेशों में भारत के खिलाफ बयान देती रही है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन से भाजपा युवाओं में रोष है। उन्होंने कहा कि देश का हर वह युवा, जो भारत माता को अपनी मां मानता है, उसके मन को ठेस पहुंची है। यदि आज इसका जवाब नहीं दिया गया तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं देश की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं। भाजयुमो नेताओं ने राहुल गांधी से सवाल किया कि जब देश वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा है तो इस प्रकार के विरोध की आवश्यकता क्यों पड़ी। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व इस विषय पर स्पष्ट जवाब दे। इस मौके पर सुधीर बलिहारा, निखिल, भानी योगी सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
