हनुमानगढ़। बीकानेर जिले के रणजीतपुरा गांव में आठवीं कक्षा की बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज होती जा रही है। इस क्रम में मंगलवार को हनुमानगढ़ के कामगार समाज की ओर से मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बीकानेर जिले के बज्जु थाना क्षेत्र के गांव रणजीतपुरा निवासी 13 वर्षीय बालिका 21 फरवरी को आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। बाद में उसका शव रोही क्षेत्र में अर्धनग्न अवस्था में मिला। परिजनों व समाज का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की गई। कामगार समाज ने कहा कि इस घटना से समूचा मानव समाज व सेन समाज आहत है। मामले के विरोध में बज्जु में धरना-प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से समाज की मांगों को स्वीकार किया गया है। कामगार समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन के जरिए मांग की कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा डेयरी बूथ आवंटित किया जाए। मुख्यमंत्री राहत कोष से एक करोड़ रुपए का मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को सुदृढ़ व चाक-चौबंद किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस मौके पर बेगराज, झाबरमल सैन, नागरमल सैन, सुमित सैन, फूलचन्द, सुआलाल सैन आदि मौजूद रहे।
