हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने रिको इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक गोदाम से बासमती चावल, चना एवं मूंग दाल चोरी करने के प्रकरण का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजुम अली उर्फ मंगा (34) पुत्र शाह अहमद खान, समीर खान (23) पुत्र मोहम्मद खान व मोहम्मद शफाक (35) पुत्र जलाल खां तीनों निवासी मस्जिद वाली गली, वार्ड पांच, नई खुन्जा, जंक्शन के रूप में हुई है। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि 21 फरवरी को डी-6, इंडस्ट्रियल एरिया रिको फेज-1 निवासी राजेन्द्र कुमार (67) पुत्र गुरबक्श राय ने पुलिस थाना में रिपोर्ट प्रस्तुत की कि वह शुभ लक्ष्मी बाल एंड जनरल मिल का संचालन करते हैं। उनका एक गोदाम सी-29-30, रिको एरिया फेज-1 में स्थित है। रिपोर्ट के अनुसार 17 फरवरी की रात अंजम अली उर्फ मंगा निवासी नई खुन्जा, जंक्शन अपने 3-4 साथियों के साथ गोदाम में घुसकर बासमती चावल, चना एवं मूंग दाल चोरी कर ले गया। 18 फरवरी की सुबह जब उसने गोदाम संभाला तो शटर खुला मिला। स्टॉक की जांच करने पर करीब 40-50 क्विंटल बासमती चावल सहित काफी मात्रा में चना व मूंग दाल कम पाई गई। परिवादी ने आसपास पूछताछ की तो नामजद आरोपी पर संदेह जताया गया। गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी अपने साथियों सहित पिछले कई दिनों से चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखाई दिया। थाना प्रभारी कस्वां के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल लायक सिंह को सौंपी। मंगलवार को आरोपी अंजुम अली उर्फ मंगा, समीर खान व मोहम्मद शफाक को अनुसंधान के बाद जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों का पीसी रिमांड मंजूर करवा बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
