हनुमानगढ़। जंक्शन में श्रीगंगानगर रोड स्थित शंकर धर्मकांटा के नजदीक एक किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने देर रात सेंध लगाकर नकदी सहित हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड छह, मकान नत्बर 1/100 हाउसिंग बोर्ड, जंक्शन निवासी मोहनलाल अग्रवाल (54) पुत्र प्रहलाद राय ने रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह जय हनुमान वैरायटी स्टोर के नाम से श्रीगंगानगर रोड पर दुकान संचालित करते हैं। 16 फरवरी की रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 17 फरवरी की सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर के ताले टूटे हुए थे तथा कांच का गेट क्षतिग्रस्त मिला। दुकान के अंदर से 250 डिब्बी सिगरेट, 10 डिब्बे चॉकलेट, 5 पैकेट बीड़ी, 2 पैकेट रजनीगंधा, काउंटर में रखे 17700 रुपए नकद तथा दो मोबाइल फोन गायब मिले। उसने आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पास स्थित शंकर धर्मकांटा के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर 17 फरवरी की अल सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच दो अज्ञात व्यक्ति दुकान से सामान चोरी करते दिखाई दिए। पुलिस ने रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल विनोद कुमार को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
