संगरिया। संगरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने सरेआम धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार संगरिया थाने के एएसआई श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भगतपुरा से संगरिया आने वाली सड़क पर सादुल ब्रांच के पास भगतपुरा रोड तिराहे पर एक व्यक्ति हाथ में लोहे का कापा लेकर घूम रहा है तथा आने-जाने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक युवक हाथ में धारदार कापा लहराते हुए लोगों को भयभीत करता मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मांगेलाल (34) पुत्र दर्शन सिंह निवासी बाइपास के पास, चौटाला, पीएस सदर डबवाली, जिला सिरसा (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कापा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई नौरंगलाल को सौंपी गई है। कार्रवाई में एएसआई श्रवण कुमार एवं कांस्टेबल हरिराम शामिल रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
